CRIME

भरखरा में खड़ी बस को शरारती तत्वों ने लगाई आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

देर रात सुनसान जगह का उठाया फायदा, जांच में जुटी पुलिस; ग्रामीणों में आक्रोश

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत बन्नी पंचायत के धनसोई थाना क्षेत्र स्थित भरखरा गाँव में बुधवार की देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने एक खड़ी बस में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में वाहन मालिक को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किशुनीपुर मड़निया गाँव निवासी जितेन्द्र उर्फ भोला यादव की यह बस पिछले लगभग दो वर्षों से भरखरा-बक्सर रूट पर नियमित रूप से संचालित हो रही थी। बुधवार की शाम चालक राजीव कुमार ने रोज की तरह बस को गाँव के पश्चिम स्थित पोखरा के समीप खड़ा किया और अपने घर चले गए।

बताया जा रहा है कि देर रात सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए अज्ञात शरारती तत्वों ने बस में आग लगा दी। आग इतनी भयावह थी कि जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर केवल लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी।

गुरुवार की सुबह घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी।

धनसोई थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

घटना स्थल पर पहुंचे जदयू जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button