OTHERS

श्री छठ पूजा सेवा समिति ने 800 छठ व्रती महिलाओं के बीच बांटी पूजा सामग्री, सेवा और समर्पण की दिखी मिसाल

श्रीचन्द्र मंदिर के समीप आयोजित हुआ वितरण कार्यक्रम, सूप, फल, नारियल, गन्ना, घी, आटा समेत छठ पूजा की सभी आवश्यक सामग्री देकर व्रतियों की सेवा की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर श्री छठ पूजा सेवा समिति, बक्सर की ओर से शुक्रवार, 14 नवंबर को सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की गई। समिति की ओर से दिन के 11 बजे से श्रीचन्द्र मंदिर के समीप भव्य पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 800 छठ व्रती महिलाओं के बीच छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छठ व्रती माताएं एवं बहनें शामिल हुईं।

 

समिति के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और सेवा भाव के साथ इस पुनीत कार्य को संपन्न कराया। वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक व्रती महिला को छठ पूजा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें महापर्व की तैयारियों में सहयोग मिल सके। सामग्री प्राप्त कर व्रती महिलाओं ने समिति के इस प्रयास की सराहना की।

 

समिति की ओर से वितरित सामग्री में बांस से बना सूप, नारियल, अनानास, पंचमेवा, गन्ना, सेब, संतरा, अगरबत्ती, माचिस, गुड़, लाल गेहूं का आटा, देसी घी, सिंदूर, महावर समेत अन्य आवश्यक पूजा सामग्री शामिल रही। समिति का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद छठ व्रती महिलाओं को पूजा सामग्री उपलब्ध कराना और लोक आस्था के इस महान पर्व पर उनकी सेवा करना है। इसके साथ ही सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।

कार्यक्रम में समिति के सचिव एवं कोषाध्यक्ष श्याम-सुंदर प्रसाद केशरी, अध्यक्ष ज्योति कुमार जोशी, सदस्य प्रदीप पाहवा, पारसनाथ प्रसाद, गुप्तेश्वर जायसवाल, संजय जायसवाल, सतीश जी केशरी, सुरेश भौतिका, अशोक जी सर्राफ, राम जी केशरी, शशिकांत उपाध्याय, दीपक अग्रवाल, मनोज जायसवाल, सत्यम अग्रवाल, अनुप केजरीवाल, मनीष जी केशरी, अजय जायसवाल, संजय सर्राफ एवं सुनील केशरी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग से वितरण कार्य को सफल बनाया।

इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह त्याग, तपस्या, स्वच्छता, सामाजिक एकता, सेवा और समर्पण का भी प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर छठ व्रती माताओं एवं बहनों की सेवा करना समिति के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। अंत में समिति की ओर से छठी मईया एवं भगवान सूर्यदेव से सभी छठ व्रतियों और उनके परिवारों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button