CRIME

पूर्व विधायक के करीबी शुभम तिवारी को जान से मारने की धमकी, आवास पर कई राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप

फोन पर मिली दो घंटे के अंदर हत्या की धमकी, धोबी घाट स्थित आवास पर अज्ञात बदमाशों ने चलाईं गोलियां; देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर चर्चा में हैं। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी, समाजसेवी एवं पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ़ मुन्ना तिवारी के करीबी युवा कांग्रेस नेता शुभम तिवारी को जान से मारने की धमकी देने और उनके नगर थाना क्षेत्र के धोबी घाट स्थित आवास पर कई राउंड फायरिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद उनके परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया है।

 

घटना के संबंध में शुभम तिवारी ने बताया कि शाम करीब नौ बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम सनी वर्मा बताते हुए कथित तौर पर उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के मालिक से दूर रहने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि ऐसा नहीं करने पर दो घंटे के अंदर जान से मार दिया जाएगा। फोन करने वाले ने पांच से छह महीने जेल काटने की बात भी कही। धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की पहचान +91 7633997902 के रूप में बताई गई है।

 

शुभम तिवारी का आरोप है कि फोन पर धमकी मिलने के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने उनके धोबी घाट स्थित आवास पर कई राउंड फायरिंग की। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व स्वागत रेस्टोरेंट में पुलिस द्वारा जांच किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि, रेस्टोरेंट की जांच और धमकी व फायरिंग की घटना के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने पूर्व में राहुल पांडेय एवं यशवंत दीक्षित के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों को लेकर सीजेएम न्यायालय में सनहा संख्या 2455/2026 दर्ज कराने की जानकारी देते हुए इस पुराने मामले की भी जांच कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर देर रात नगर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की। उन्होंने आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही। शुभम तिवारी ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन से धमकी देने वाले की पहचान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच तथा फायरिंग में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों का खुलासा हो सकेगा।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button