RELIGION

बक्सर में छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा, अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने अर्पित किया अर्घ्य

गंगा घाटों से लेकर नहरों और शहर के स्थायी-अस्थायी घाटों तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, छठी मइया के गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल; रामरेखा घाट पर पहली बार गंगा की लहरों के बीच लेजर शो से दिखाई गई छठ महापर्व की महिमा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ जिलेभर में धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व का विशेष उत्साह रविवार को देखने को मिला, जब हजारों की संख्या में छठ व्रतियों ने विभिन्न गंगा घाटों, नहरों और शहर के स्थायी एवं अस्थायी घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरे जिले में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और चारों तरफ छठी मइया के जयकारे गूंजते रहे।

 

छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष तैयारियां चलती रहीं। व्रती महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा की सामग्रियों को सूप और दउरा में सजाकर घाटों की ओर रवाना हुईं। सिर पर पूजा सामग्री से भरे दउरा और हाथों में सूप लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें छठ की आस्था और परंपरा की जीवंत तस्वीर पेश कर रही थीं। व्रती महिलाओं के साथ परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह के साथ घाटों तक पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों ‘मारबउ रे सुगवा धनुष से…’ और ‘कांचही बांस के बहंगिया…’ की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

 

सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने लगी। व्रती महिलाएं पवित्र जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना में लीन हो गईं। निर्धारित समय पर डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण की कामना की गई। अर्घ्य के दौरान घाटों पर जय छठी मइया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए घर से दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंचे। यह दृश्य लोगों की अटूट आस्था और छठी मइया के प्रति गहरी श्रद्धा को प्रदर्शित कर रहा था।

रामरेखा घाट बना आकर्षण का केंद्र, पहली बार हुआ लेजर शो

धार्मिक नगरी बक्सर के प्रमुख रामरेखा घाट को जिला प्रशासन की ओर से आदर्श घाट घोषित किया गया था। यहां विशेष साफ-सफाई, आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगे मंडप और दीवारों पर की गई पेंटिंग के माध्यम से बक्सर की धार्मिक विरासत और छठ महापर्व की महत्ता को दर्शाया गया। नगर परिषद की टीम के नेतृत्व में रामरेखा घाट, गोला घाट और अंबेडकर घाट पर विशेष सजावट की गई थी। भगवान भास्कर की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पूजा समितियों की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

इस बार रामरेखा घाट पर एक विशेष आकर्षण भी देखने को मिला। बक्सर में पहली बार गंगा के पानी में लेजर शो के माध्यम से छठ महापर्व की महत्ता और धार्मिक परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। पानी के बीच रोशनी और लेजर के आकर्षक प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। घाट की भव्य सजावट और बेहतर व्यवस्थाओं की लोगों ने सराहना की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। केंद्रीय कारा से लेकर अहिरौली गंगा घाट तक विभिन्न घाटों पर गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमें लगातार गश्त करती रहीं। रामरेखा घाट पर एनडीआरएफ का मुख्य कैंप स्थापित किया गया था, जहां से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही थी। वहीं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प यू का शिविर भी सक्रिय रहा।

जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीओ अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और रेडक्रॉस सचिव श्रवण तिवारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं ने भी घाटों का किया निरीक्षण

छठ महापर्व के अवसर पर नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने अपने पार्षद प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने अपनी टीम के साथ मझरिया से कृतपुरा तक विभिन्न घाटों का भ्रमण किया तथा छठ व्रती महिलाओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी क्रम में भाजपा नेता अमित पांडेय ने भी अपने समर्थकों के साथ विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया और व्रती महिलाओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। घाटों पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी देखने को मिली।

सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इसके लिए व्रती महिलाएं अहले सुबह से ही घाटों पर पहुंचेंगी और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना करेंगी। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा और चार दिवसीय महापर्व विधिवत संपन्न हो जाएगा।

छठ महापर्व केवल सूर्य देव और छठी मइया की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी है। इस पर्व में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर हर व्यक्ति आस्था के इस महाआयोजन में सहभागी बनता है। पवित्रता, प्रकृति के प्रति सम्मान और परिवार एवं समाज के कल्याण की भावना से ओतप्रोत छठ महापर्व ने एक बार फिर बक्सर में लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत छटा बिखेर दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button