OTHERS

छठ व्रत के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारी भी निभाते रहे जगदीशपुर एसडीएम ओम प्रकाश, सुबह से शाम तक घाटों पर संभाली विधि-व्यवस्था

पत्नी पूजा कुमारी और बच्चों के साथ पैदल दउरा लेकर पहुंचे शिवजी पोखरा घाट जगदीशपुर, व्रत और कर्तव्य के समन्वय की क्षेत्र में हो रही चर्चा

न्यूज़ विज़न। जगदीशपुर/बक्सर 
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर जगदीशपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ओम प्रकाश ने आस्था और प्रशासनिक कर्तव्य का अनूठा उदाहरण पेश किया। एक ओर वे पूरे श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठ व्रत का पालन करते रहे, वहीं दूसरी ओर अनुमंडल क्षेत्र में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी पूरी तत्परता से निभाते नजर आए। उनके इस समर्पण की चर्चा पूरे जगदीशपुर अनुमंडल क्षेत्र में हो रही है।

 

छठ महापर्व के अवसर पर एसडीएम ओम प्रकाश सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करते रहे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने जगदीशपुर के शिवजी पोखरा, बिहिया सूर्य मंदिर पोखरा, शाहपुर पोखरा, बिहिया रेलवे क्रॉसिंग सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी। श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर वे लगातार सक्रिय रहे।

 

प्रशासनिक दायित्वों के बीच उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था और पारिवारिक परंपरा का भी पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन किया। एसडीएम ओम प्रकाश ने अपनी पत्नी पूजा कुमारी के साथ जगदीशपुर स्थित शिवजी पोखरा घाट पर छठ व्रत किया। खास बात यह रही कि वे अपने आवास से स्वयं पैदल दउरा लेकर परिवार के सदस्यों और बच्चों के साथ छठ घाट पहुंचे। इस दौरान उनके चेहरे पर पर्व की श्रद्धा और उत्साह साफ झलक रहा था। एक तरफ पूरे दिन अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी और दूसरी तरफ स्वयं छठ व्रती के रूप में पूजा-अर्चना में शामिल होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। एसडीएम ओम प्रकाश की यह पहल बताती है कि जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण भी किस तरह कायम रखा जा सकता है। उनके इस कार्य की जगदीशपुर क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button