OTHERS

छठ व्रतियों की सेवा में साबित खिदमत फाउंडेशन का सराहनीय प्रयास, लगातार 11वें वर्ष लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर

नाथ बाबा मंदिर के समीप आयोजित शिविर में छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंद मरीजों को मिली चिकित्सा सुविधा, घावों की ड्रेसिंग के साथ निःशुल्क बांटी गईं आवश्यक दवाएं

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा ह्यूमन राइट्स सोशल जस्टिस, बक्सर की ओर से लगातार 11वें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। नगर के नाथ बाबा मंदिर के समीप आयोजित इस शिविर में छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

 

शिविर के दौरान कई लोगों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई। जरूरतमंद मरीजों के घावों की ड्रेसिंग की गई तथा आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और लगातार आवाजाही को देखते हुए इस चिकित्सा शिविर से लोगों को काफी सहूलियत मिली। पूजा स्थल के समीप ही स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होने से जरूरतमंदों को तत्काल उपचार मिल सका।

 

इस अवसर पर साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल के निदेशक तथा ह्यूमन राइट्स सोशल जस्टिस, बिहार के मुख्य सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा स्थल के समीप ही समय पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर उन्हें तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 11 वर्षों से लगातार इस सेवा कार्य को करती आ रही है। इस सेवा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों एवं समाजसेवियों के प्रति उन्होंने आभार जताया।

कार्यक्रम में मशहूर शायर साबित रोहतस्वी सतेंद्र चौबे, आर. रॉय, आर.ओ., डॉ. शालिग्राम, ए.जी. कार्यालय से संजय, प्रशिक्षु डीएसपी, दंत शल्य चिकित्सक डॉ. खालिद रज़ा, इंजीनियर राशिद अफ़ज़ल, डॉ. वरुण सांकृत, चिकित्सा कर्मी नासिर हुसैन एवं अरुण उपाध्याय, रोटेरियन दीपक अग्रवाल, सौरभ तिवारी और मुन्ना सिंह सहित करीब दस पुलिसकर्मी तथा कई समाजसेवी मौजूद रहे। लगातार 11 वर्षों से आयोजित हो रहा यह चिकित्सा शिविर छठ महापर्व के दौरान सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दे रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button