CRIME

संपत्ति विवाद में बेटे ने ली पिता की जान, कुदाल के बेट से वार कर की हत्या; बचाने पहुंची मां भी घायल

डुमरांव के सुरौंधा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, दिल्ली से आया था आरोपी; हत्या के बाद फरार, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेट बरामद किया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। एक कलियुगी पुत्र ने अपने ही पिता की कुदाल के बेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां भी हमले में घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा तथा डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुरौंधा गांव निवासी 74 वर्षीय शिवशंकर तिवारी उर्फ पहलवान तिवारी (पिता स्व. कपिलदेव तिवारी) के रूप में हुई है। वहीं, उनकी पत्नी प्रेमा देवी हमले में घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार घटना का आरोपी मृतक का बड़ा पुत्र शेषनाथ तिवारी उर्फ बबलू है।

दिल्ली की संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार मृतक के दोनों पुत्र शेषनाथ तिवारी उर्फ बबलू और छोटा पुत्र संदीप दिल्ली के बुद्धा कॉलोनी फेस-टू में रहकर निजी नौकरी करते हैं। मृतक भी लंबे समय तक दिल्ली में रहे थे और अपनी कमाई से बुद्धा कॉलोनी, नरेला समेत चार स्थानों पर फ्लैट खरीदे थे। वर्तमान में दोनों पुत्रों का परिवार बुद्धा कॉलोनी स्थित फ्लैट में रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से नरेला स्थित उस फ्लैट, जो उसकी मां प्रेमा देवी के नाम पर है, को अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। माता-पिता द्वारा उसकी मांग को अनसुना किए जाने से वह नाराज चल रहा था और इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

पड़ोसी की छत से घर में घुसकर किया हमला

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शेषनाथ तिवारी गांव पहुंचा। उसके हाथ में कुदाल का बेट था। वह पड़ोसी ददन तिवारी की छत के रास्ते अपने घर में दाखिल हुआ और अचानक अपने पिता पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से शिवशंकर तिवारी लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं मां प्रेमा देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा खोलकर गांव के उत्तरी दिशा की ओर फरार हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल शिवशंकर तिवारी को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में चौकीदार की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक की पत्नी ने छोटे पुत्र के दिल्ली से आने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। शुक्रवार को छोटे पुत्र के गांव पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया।

हत्या में प्रयुक्त कुदाल का बेट बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए कुदाल के बेट को भी बरामद कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी वारदात के बाद उसे गांव के उत्तरी छोर स्थित नदी में फेंककर फरार हो गया था। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं लोग रिश्तों के इस दर्दनाक अंत को लेकर स्तब्ध हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button