OTHERS

बक्सर पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, 80 विद्यार्थियों ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण के संदेशों से सजी रंगोलियां; कुहू पांडेय ने हासिल किया प्रथम स्थान

न्यूज विज़न। बक्सर
शनिवार को बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल के प्रांगण में दीपावली के पावन अवसर पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता तथा कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी आकर्षक रंगोलियों से विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चावल के आटे, प्राकृतिक रंगों, फूलों की पंखुड़ियों और चमकीले गुलाल का उपयोग कर एक से बढ़कर एक मनमोहक रंगोलियां बनाईं। छात्र-छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत और सुंदर भारत जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। वहीं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करते हुए विद्यार्थियों ने सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल हरित दीपावली मनाने का संकल्प भी लिया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता और कला के प्रति रुचि विकसित होती है। साथ ही उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति, कला और उल्लास का अद्भुत संगम है। इसे सौभाग्य, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शशांक शेखर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि भाईचारे, आपसी सहयोग और त्योहारों की खुशियां साझा करने का सुंदर माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा रंगोली के डिजाइन, सटीकता, समरूपता, रंग संयोजन और निर्धारित थीम के आधार पर किया गया। परिणाम में वर्ग आठ की कुहू पांडेय ने प्रथम, वर्ग सात की खुशी राज ने द्वितीय तथा वर्ग नौ की अनुष्का दुबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 10 छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती प्रीति सिंह, शिक्षक दयानंद पांडेय, तेजेंद्र कुमार, विष्णु कुमार, रमेश कुमार सिंह, शाक्य प्रिय मौर्य, माया मिश्रा, सुनीता सिंह, रुचिका कुमारी, अंतिमा कुमारी, रागिनी सिन्हा, प्रियंका कुमारी, राजलक्ष्मी कुमारी, प्रीति कुमारी, सुमा कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button