OTHERS

बिहार सेंट्रल स्कूल में सजी पर्यावरण संरक्षण की रंगोली, बच्चों ने कलाकृतियों से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

‘हम और हमारा पर्यावरण’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विकसित भारत से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक के मुद्दों को रंगों के जरिए किया जीवंत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
दीपावली पर्व के आगमन को लेकर शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। ‘हम और हमारा पर्यावरण’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों को आकर्षक एवं संदेशपरक तरीके से प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की उप-निदेशक उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह विशेष रूप से मौजूद रहीं। इस अवसर पर उप-निदेशक उर्मिला सिंह ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली केवल एक पारंपरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के साथ हमारे जुड़ाव और रचनात्मक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए बच्चे अपनी भावनाओं, विचारों और सामाजिक संदर्भों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता भी पैदा करती हैं।

 

वहीं, विद्यालय की सचिव सरोज सिंह ने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से अलग अपनी कला, प्रतिभा और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल सके। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास तथा नई सोच विकसित होती है।

प्रतियोगिता के दौरान कक्षा सातवीं की अर्चना, रिद्धि और मुस्कान ने खान-पान में बदलते परिवेश को रंगोली के माध्यम से दर्शाया। कक्षा आठवीं की अनानिका, अदिति और आफरीन ने विकसित भारत की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। वहीं, कक्षा नौवीं की राजनंदिनी, पलक, शिवांगी और प्रियांशी ने अनेकता में एकता के महत्व को रेखांकित किया।

इसी क्रम में नौवीं बी की खुशबू, नैना और समृद्धि ने परीक्षा के गिरते स्तर तथा प्रश्नपत्रों के समय से पहले लीक होने जैसे गंभीर मुद्दों को अपनी रंगोली में उकेरकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए। जबकि कक्षा दसवीं के श्वेतांक, हर्ष, अभिषेक, आदित्य प्रकाश और आयुष ने विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति घटती रुचि को दर्शाते हुए अध्ययन एवं अनुशासन को सफलता का मूलमंत्र बताया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को दीपावली के उपहार स्वरूप मिठाइयां प्रदान की गईं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके जीवन में ज्ञान, खुशहाली और सफलता की रोशनी सदैव बनी रहने का संदेश दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button