OTHERS

मोहर्रम और श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, बिना लाइसेंस ताजिया जुलूस पर रोक, डीजे-पटाखों पर रहेगा प्रतिबंध

एसडीओ अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक, सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आगामी मोहर्रम एवं श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 19 जून को अनुमंडल कार्यालय बक्सर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया और पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम एवं श्रावणी मेला के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही पटाखों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। नगर परिषद बक्सर को समय रहते शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, नालों की उड़ाही कराने तथा खुले नालों को ढकने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि ताजिया जुलूस के मार्ग में आने वाले सभी बिजली के तारों की जांच कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए तथा लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि नशा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। थाना अध्यक्ष बक्सर को निर्देश दिया गया कि पर्वों के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर घूमते हुए अथवा शांति व्यवस्था भंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

शांति समिति के सदस्यों की मांग पर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि ताजिया जुलूस के मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही सभी प्रमुख मंदिरों और मस्जिदों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया कि मोहर्रम के पूर्व प्रत्येक ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस के किसी भी ताजिया जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 भी लागू की जाएगी।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, अंचल अधिकारी बक्सर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्ष एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। शांति समिति की ओर से हामिद रजा, हनुमान अग्रवाल, सुरेश संगम, संजय सिंह, निषार अहमद, पप्पू जी, अश्विनी वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button