मधुबनी गोलीकांड का आरोपी ASI चंद्रमोहन राय बक्सर के चिलहरी गांव का निवासी, गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित
नाबालिग लड़की के साथ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों पर सर्विस रिवॉल्वर से की थी फायरिंग, एक की मौत और तीन घायल; फरार ASI की तलाश में चिलहरी स्थित घर पर पुलिस ने की छापेमारी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
मधुबनी जिले में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में आरोपित बिहार पुलिस का सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन राय का संबंध बक्सर जिले से जुड़ा है। वह नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव का रहने वाला है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए मधुबनी पुलिस ने उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, उसकी तलाश में बक्सर पुलिस ने बुधवार की सुबह चिलहरी गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, चिलहरी गांव निवासी चंद्रमोहन राय फिलहाल मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल बलिराजगढ़ स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात था। बीते सोमवार की देर रात कथित तौर पर उसे एक नाबालिग लड़की के साथ ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि इसी बीच ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में बक्सर पुलिस ने भी उसके पैतृक गांव चिलहरी में दबिश दी। हालांकि, छापेमारी के दौरान घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, फिलहाल ASI का परिवार गांव में नहीं रह रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उसके पिता पूर्व में हत्या के एक मामले में सजा काट चुके हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की वर्दी पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने बिहार पुलिस की कार्यशैली और वर्दी की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून की रक्षा और आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी पर ही हत्या और गोलीबारी जैसे गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। अब देखना होगा कि फरार ASI को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाती है और इस मामले में कानून के तहत क्या कार्रवाई होती है।




