बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्री सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की दो महिलाएं गिरफ्तार
RPF- GRP की संयुक्त कार्रवाई में चांदी की पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद, करीब 20 हजार रुपये आंकी गई कीमत

न्यूज विज़न। बक्सर
यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) को बड़ी सफलता मिली है। बक्सर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। दोनों गिरफ्तार महिलाओं को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए GRP बक्सर के हवाले कर दिया गया है।
यह कार्रवाई 27 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर की गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिसर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए RPF एवं GRP की संयुक्त टीम लगातार गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 स्थित वेटिंग हॉल के समीप दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दीं।
संदेह के आधार पर संयुक्त टीम ने दोनों महिलाओं को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद कपड़े की एक पोटली से चांदी की एक जोड़ी पायल और चांदी की तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुई। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में ट्रेन में चोरी की बात कबूली
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने कथित रूप से कोलकाता से आ रही एक ट्रेन में एक यात्री के बैग से उक्त आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में से एक महिला पूर्व में भी हुगली पीपी थाना क्षेत्र से कई बार जेल जा चुकी है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान लक्ष्मी पासी (48 वर्ष), पति गणेश पासी, निवासी बांडेल, थाना पीपी हुगली, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल तथा पूजा पासी (26 वर्ष), पति अजय पासी, निवासी बराकर, थाना कुल्टी, जिला आसनसोल, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
संयुक्त टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में ASI योगेंद्र सिंह, HC ब्रजेश राय, CT डी.के. सिंह और LCT प्रेम प्रकाश (GRP) शामिल थे।
आरपीएफ के अनुसार, दोनों महिलाओं को आवश्यक कार्रवाई के बाद राजकीय रेल पुलिस (GRP), बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया है। अब जीआरपी द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार महिलाएं यात्री सामान चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल रही हैं या नहीं।
आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा राजकीय रेल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




