दीपावली और छठ पूजा को लेकर बक्सर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सभी दमकल वाहन और कर्मियों को किया गया मुस्तैद
जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी, आम लोगों से सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने की अपील

न्यूज़ विज़न। बक्सर
आगामी दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बक्सर अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है। इसके तहत अग्निशमन वाहनों से लेकर अग्निशमन कर्मियों तक को आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर सुबास सिंह के निर्देशानुसार अनुमंडल अग्निशमालय बक्सर एवं डुमरांव के अंतर्गत आने वाले सभी अग्निशमन वाहनों और कर्मियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों और अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
विभाग की ओर से सभी अग्निशमन वाहनों में पर्याप्त पानी, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। अग्निशमन कर्मियों को भी हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। विभाग का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण स्थापित कर जान-माल के नुकसान को रोकना है।
वहीं, अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि दीपावली पर पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। आतिशबाजी के दौरान अपने पास पानी और बालू की व्यवस्था जरूर रखें। घरों, दुकानों, गैस सिलेंडरों, बिजली के उपकरणों एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे न जलाएं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए दीपावली एवं छठ पूजा का पर्व मनाएं और प्रशासन को सहयोग करें।




