RPF की बक्सर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
महानंदा एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस से चोरी किए गए तीन स्मार्टफोन बरामद, आरोपियों को GRP के हवाले कर आगे की कार्रवाई शुरू


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 18 जून, बृहस्पतिवार को RPF पोस्ट बक्सर की टास्क टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन यात्रियों के सामान चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को बक्सर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के तीन स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
तलाशी के दौरान बरामद मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गाड़ी संख्या 15483 महानंदा एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी किए थे। इसके बाद RPF ने तीनों चोरी के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को GRP बक्सर के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, काली माई मंदिर के पास निवासी 24 वर्षीय रघु कुमार चौहान (पिता- स्वर्गीय राम जी चौहान) तथा औद्योगिक थाना क्षेत्र के हरी किशुनपुर वार्ड संख्या 5 निवासी 42 वर्षीय भृगु मुनि यादव (पिता- स्वर्गीय सिपाही यादव) के रूप में हुई है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी राहुल यादव, आरक्षी सोनालाल यादव तथा आरक्षी करण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
RPF इंस्पेक्टर ने दिया सख्त संदेश
RPF इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए RPF बक्सर द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल मिल सके।





