चौगाई प्रखंड में सहयोग-सह जनकल्याण शिविर का आयोजन, एक ही छत के नीचे मिली सरकारी योजनाओं की सुविधा
आयुष्मान कार्ड से लेकर पीएम आवास, सूर्य घर योजना, मनरेगा और स्वास्थ्य जांच तक सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ, मौके पर कई आवेदनों का हुआ निष्पादन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
प्रखंड कार्यालय चौगाई परिसर में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय सहयोग-सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजू कुमारी, प्रखंड प्रमुख ऋषि कांत सिंह, अंचलाधिकारी गौतम कुमार, राजस्व अधिकारी सावित्री शर्मा, पंचायती राज पदाधिकारी सुजाता कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कुमारी अनिशा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विशाल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मितेंद्र सिंह, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक चिंतामणि, मसरहिया मुखिया मनोज प्रसाद, मुरार मुखिया श्रवण कुमार सहित सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे। शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जीविका दीदी (एसएचजी), पीएम स्वनिधि, मनरेगा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, दिव्यांग कल्याण योजना, स्वास्थ्य विभाग और आपूर्ति विभाग सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए।
प्राप्त आवेदनों के अनुसार आयुष्मान भारत योजना के तहत दो लोगों का कार्ड बनाया गया, जबकि पीएम सूर्य घर योजना के छह, प्रधानमंत्री आवास योजना के दो, पीएम स्वनिधि के चार, मनरेगा के तीन, दिव्यांग कल्याण योजना के एक, आपूर्ति विभाग के छह तथा क्षय रोग उन्मूलन अभियान के पांच आवेदन प्राप्त हुए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जांच शिविर में 96 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी जानकारी दी गई। शिविर के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी संजू कुमारी ने कहा कि ऐसे सहयोग-सह जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने पात्र लोगों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने लाभुकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र व्यक्तियों को आवेदन करने और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपने आवेदन जमा किए।





