CRIME

राजपुर पावर सब-स्टेशन में भीषण आग, 10 एमबीए ट्रांसफार्मर जलकर राख; लाखों की क्षति, बिजली आपूर्ति ठप

शॉर्ट सर्किट से हुआ बड़ा हादसा, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू; दूसरी बार लगी आग से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड स्थित विद्युत पावर सब-स्टेशन परिसर में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे सब-स्टेशन यार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में 10 एमबीए का बड़ा ट्रांसफार्मर, उसका वीसीपी तथा अन्य कई महत्वपूर्ण उपकरण जलकर नष्ट हो गए, जिससे विभाग को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। वहीं पास में लगा 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आकर प्रभावित हो गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर-दूर तक देखा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:20 बजे सब-स्टेशन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन और ऑपरेटरों ने तत्काल उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए राजपुर से एक एमटी वाहन, बक्सर से एक वाटर टेंडर तथा चौसा पावर प्लांट से सीआईएसएफ की टीम वाटर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंची। बक्सर के प्रधान अग्निक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में अग्निकर्मी रणधीर कुमार, कोमल कुमारी, दिलीप कुमार कामत एवं राजपुर थाना के प्रभात कुमार ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक संतोष निराला, कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह, सहायक अभियंता कमल कुमार सिंह तथा कनीय अभियंता रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर के बगल में लगे दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है और शाम तक बिजली सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। वहीं जले हुए ट्रांसफार्मर को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का दावा किया गया है। गौरतलब है कि इसी सब-स्टेशन में 13 दिसंबर 2025 को भी भीषण आग लग चुकी थी। महज कुछ महीनों के भीतर दोबारा हुई इस बड़ी घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हादसे के बाद क्षेत्र में बिजली संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button