बक्सर व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय का निधन, सोमवार को नो वर्क
अधिवक्ता संघ ने जताया शोक, आश्रित पत्नी को ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय का 7 मई की रात लगभग 10 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न्यायिक एवं अधिवक्ता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडे उर्फ पप्पू पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय के निधन पर पूरे अधिवक्ता समाज ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनके सम्मान में सोमवार 11 मई को व्यवहार न्यायालय, बक्सर में “नो वर्क” रहेगा।
उन्होंने बताया कि दिवंगत अधिवक्ता की आश्रित पत्नी मंजू राय को अधिवक्ता संघ की ओर से ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जमानिया के निवासी थे। वे बक्सर के बांध रोड स्थित विश्वामित्र कॉलोनी में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। अपने पीछे वे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मियों एवं सामाजिक लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।





