CRIME

हत्या या हादसा: नहर के चाट में डूबे वृद्ध की मौत, बेटी के ससुराल आए थे मिलने

खिरौली गांव के पास रजवाहा में उतराया मिला शव, पहचान होते ही परिवार में मचा कोहराम; शौच के दौरान फिसलकर गिरने की आशंका

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अपनी बेटी के ससुराल आए एक वृद्ध की नहर के चाट में डूबने से मौत हो गई। बुधवार को थाना क्षेत्र के खिरौली गांव से पश्चिम डुमरांव रजवाहा नहर के चाट में वृद्ध का शव उतराता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई।

 

ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने में जुट गई। कुछ ही देर में मृतक की पहचान नवानगर थाना क्षेत्र के बिचली भरौली गांव निवासी 65 वर्षीय भोला भर के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक भोला भर अपनी बेटी ममता से मिलने खिरौली गांव आए थे। उनकी बेटी की शादी गांव के शिव प्रसाद राय के पुत्र बबलू राय से हुई है। मृतक के नाती बिट्टू राय ने बताया कि भोला भर चार-पांच दिन पहले ही यहां आए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वे सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते में वे शौच के लिए नहर के चाट की ओर गए होंगे, जहां पैर फिसलने से वे सीधे पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। वही मौत के बाद गांव में अलग अलग चर्चा हो रही है। जैसे ही शव की पहचान हुई, बेटी ममता सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। नाती-पोते और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद खिरौली और आसपास के गांवों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग नहर के किनारे सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button