CRIME

गंगा की लहरों में समा गई मासूम जिंदगी: बक्सर में सोमेश्वर स्थान गंगा घाट पर डूबने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर शहर में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सेंट्रल जेल के समीप स्थित सिपाही घाट पर गंगा नदी में डूबने से 9 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार शहर के कोइरपुरवा निवासी छोटेलाल का 9 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार शनिवार की शाम सिपाही घाट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह गंगा किनारे बने प्राकृतिक दृश्य और रेत पर मस्ती करने गया था। हालांकि वह वहां अकेले पहुंचा था या किसी अन्य बच्चों के साथ गया था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान बिट्टू अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चे को पानी में डूबते देखा तो शोर मचाया। कुछ युवकों ने तत्काल डॉयल 112 पर सूचना देने के साथ ही बक्सर वॉरियर के सदस्य रंजन राय को फोन किया। बताया जा रहा है कि उस समय रंजन राय चौसा के समीप मौजूद थे, लेकिन सूचना मिलते ही महज छह मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटनास्थल पर पहुंचते ही रंजन राय बिना समय गंवाए गंगा नदी में कूद पड़े और स्थानीय युवकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बिट्टू कुमार कक्षा तीन का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह शाम करीब चार बजे घर से निकला था। परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह इतनी दूर गंगा घाट तक पहुंच गया है।

इधर घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिपाही घाट के आसपास गंगा नदी में पानी गहरा होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद लोग वहां स्नान और घूमने पहुंच जाते हैं।

बक्सर वॉरियर के रंजन राय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले कई दिनों से लोगों से अपील कर रहे थे कि इस खतरनाक जगह पर गंगा में प्रवेश न करें। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आज हुई यह दुर्घटना सभी को सदमे में डालने वाली है। उन्होंने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button