जमीन विवाद बना खून का रिश्ता दुश्मन, छोटे भाई ने गड़ासे से बड़े भाई की हत्या
बंजरिया गांव में खूनी संघर्ष, पत्नी और बेटा भी गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना में मृतक की पत्नी और पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अक्षयबर यादव (50 वर्ष) और उनके छोटे भाई कृष्णा यादव (35 वर्ष), पिता रामाशीष यादव, के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह यह विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब अक्षयबर यादव की पत्नी मीना देवी अपने घर के आंगन में मिट्टी का चूल्हा साफ कर रही थीं। इसी दौरान कृष्णा यादव मौके पर पहुंचे और चूल्हा तोड़ते हुए गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चूल्हा उनके हिस्से की जमीन पर बना हुआ है। शोर सुनकर अक्षयबर यादव मौके पर पहुंचे और अपने छोटे भाई को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद और अधिक बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आकर कृष्णा यादव ने पास में रखे गड़ासे से अपने बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अक्षयबर यादव के दोनों हाथ गंभीर रूप से कट गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी हालत मौके पर ही बिगड़ गई।
पति को बचाने दौड़ी मीना देवी और उनके बेटे विकास कुमार (18 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले में मीना देवी के हाथ में गहरे जख्म आए, जबकि विकास कुमार के गर्दन के पास गंभीर चोट लगी है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पहले चौगाई और फिर बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अक्षयबर यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मीना देवी और विकास कुमार का इलाज जारी है। घायल विकास कुमार ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। आरोपी चाचा पहले ही दादी से तीन कट्ठा जमीन अपने नाम करा चुके थे, जिसके बाद से घर में विवाद लगातार बढ़ रहा था। इस मामले को लेकर कई बार थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन हर बार समझौता कराकर दोनों पक्षों को वापस भेज दिया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे बड़े भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वीडियो देखें :





