“बिहारी होने की सजा मौत?” — पांडव हत्याकांड पर उबाल, प्रशांत किशोर संग दिल्ली पहुंचे बजरंगी मिश्रा
जन सुराज ने पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय की उठाई मांग, बोले— वर्दी के घमंड में बिहारी युवाओं का खून बहाना बर्दाश्त नहीं


न्यूज़ विज़न। बक्सर/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस के एक हवलदार की कथित बर्बरता का शिकार बने बिहार के युवक पांडव को न्याय दिलाने की लड़ाई अब केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बिहार की आवाज़ बनती जा रही है। जन सुराज पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े होने का भरोसा दिया है।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक Prashant Kishor के साथ बक्सर जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष Bajrangi Mishra दिल्ली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया। जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि यह घटना केवल एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि बिहार और बिहारी अस्मिता पर हमला है। उन्होंने कहा कि सत्ता और वर्दी के घमंड में बिहारी युवाओं का खून बहाने वालों को अब जवाब देना होगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई गरीब बिहारी परिवार इस तरह अपने बेटे को न खोए।
उन्होंने मांग की कि पांडव के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता Abhishek Pandey ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिर्फ बिहारी होने के नाम पर गोली मार देना इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। सरकार को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए। जन सुराज नेताओं ने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। इस घटना को लेकर बिहार के युवाओं और सामाजिक संगठनों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है।





