POLITICS

कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर जुटे भाजपा के दिग्गज, मंच से दिलमणि देवी ने बयां किया टिकट कटने का दर्द

बड़का ढकाईच में श्रद्धांजलि सभा के दौरान स्मारक, स्थल नामकरण और पद्म विभूषण की मांग उठी; नेताओं ने दिया सकारात्मक आश्वासन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को उनके पैतृक क्षेत्र बड़का ढकाईच गांव में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा तथा लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं ब्रह्मपुर विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय सहित कई नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कैलाशपति मिश्र को संगठन निर्माण का शिखर पुरुष बताते हुए कहा कि वे केवल राजनेता नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की सोच के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि बिहार में अब गोली और बोली की नहीं, बल्कि चरित्र की राजनीति होगी। बिहार का सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। चक्रवाती तूफान से फसलों को हुए नुकसान पर उन्होंने कहा कि सरकार सर्वे कराकर किसानों को हरसंभव मुआवजा देने का प्रयास करेगी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कैलाशपति मिश्र को बिहार भाजपा का दधीचि बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन, देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कैलाशपति मिश्र को महामानव बताते हुए कहा कि संघ के प्रचारक से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक उनका सफर प्रेरणादायक रहा। उनकी तपस्या का परिणाम है कि भाजपा आज गांव-गांव और जन-जन तक पहुंची है। उन्होंने कैलाशपति मिश्र की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के प्रति आभार जताया।

मंच से छलका दिलमणि देवी का दर्द

कार्यक्रम के दौरान कैलाशपति मिश्र की बहू एवं पूर्व विधायक दिलमणि देवी ने मंच से चुनाव में टिकट नहीं मिलने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टिकट कटने का दुख उतना नहीं है, जितना आश्वासन देकर मुकर जाने का है। उन्होंने कहा कि उनसे क्षेत्र में काम करने और चुनाव में टिकट देने का आश्वासन दिया गया था, जिससे उन्हें उम्मीद जगी थी। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की। इस पर हुलास पांडेय ने कहा कि एनडीए में किसी तरह की खटास नहीं है। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि का कार्यक्रम राजनीतिक चर्चा का मंच नहीं है और ऐसे अवसर पर कैलाशपति मिश्र के योगदान को याद किया जाना चाहिए।

उन्होंने कैलाशपति मिश्र के नाम पर भव्य स्मारक, किसी महत्वपूर्ण स्थल का नामकरण और उन्हें पद्म विभूषण सम्मान देने की मांग रखी। मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। सदर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि मंच से की गई घोषणाओं पर उन्हें पूरा भरोसा है। कैलाशपति मिश्र के जन्मस्थान को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनाने की दिशा में पहल की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button