व्यवहार न्यायालय बक्सर पहुंचीं निरीक्षी न्यायाधीश सोनी श्रीवास्तव, बार एसोसिएशन ने किया भव्य स्वागत
अधिवक्ता हॉल, रेलवे कोर्ट, पोस्ट ऑफिस और एटीएम स्थापना की मांग; न्यायमूर्ति ने पहल का दिया भरोसा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
दो दिवसीय निरीक्षण दौरे पर बक्सर पहुंचीं निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनी श्रीवास्तव का व्यवहार न्यायालय परिसर में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। बक्सर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बबन ओझा, महासचिव बिंदेश्वरी पांडे, अधिवक्ता पप्पू पांडे समेत संघ के अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र एवं लेखन सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कार्यों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर बार एसोसिएशन की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें निरीक्षी न्यायाधीश के समक्ष रखी गईं। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में आधुनिक अधिवक्ता हॉल निर्माण, रेलवे कोर्ट की स्थापना, पोस्ट ऑफिस खोलने तथा एटीएम सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। बार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यवहार न्यायालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मुवक्किल एवं आम लोग पहुंचते हैं, लेकिन आवश्यक सुविधाओं के अभाव में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता हॉल नहीं होने से वकीलों को बैठने एवं केस की तैयारी करने में कठिनाई होती है, वहीं बैंकिंग और डाक सुविधा नहीं होने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनी श्रीवास्तव ने बार एसोसिएशन की मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि न्यायालय परिसर में सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधाजनक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं, न्यायिक कार्यों एवं आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। न्यायालय परिसर में न्यायमूर्ति के आगमन को लेकर अधिवक्ताओं एवं कर्मियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस मौके पर बार एसोसिएशन के कई वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





