दिनदहाड़े घर में घुसकर हथियार के बल पर लूट, नाबालिग का अपहरण, मां को किया घायल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के चरित्रवन इलाके से शुक्रवार की दोपहर एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि 14 वर्षीय किशोर का अपहरण भी कर लिया। इस दौरान बेटे को बचाने आई मां को धक्का देकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना में एफआईआर दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। मामले में नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जाँच आरम्भ कर दिया है।
पीड़िता पूनम देवी, जो कौटिल्य नगर में किराए के मकान में रहती हैं, ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को करीब 11:45 बजे वह किचन में काम कर रही थीं, तभी अचानक तीन लोग हथियार (कट्टा) लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि दुधीपट्टी, सिमरी निवासी रिंटू राय, नारायण राय और संजय राय ने उनके 14 वर्षीय बेटे पीयूष कुमार राय के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब पूनम देवी उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गईं।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्हें होश आया तो देखा कि उनका बेटा घर में नहीं है और कमरे से ₹50,000 नकद भी गायब है। उन्हें पूरा शक है कि आरोपियों ने ही पैसे लूटे और उनके बेटे का अपहरण कर लिया। घटना को और भी भयावह बनाते हुए जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। मामले को लेकर नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। वही अपहृत किशोर को सिमरी थाना की मदद से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





