विवाहिता की हुई हत्या, घर में शव छोड़ ससुराल वाले हुए फरार




न्यूज विजन। बक्सर
जिले के बगेन थाना क्षेत्र अंतर्गत बराढ़ी गांव में एक विवाहिता की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका की मां ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर नामजद एफआईआर बगेन थाना में दर्ज कराया है। घटना के बाद से ही ससुराल वाले शव को छोड़ फरार हो गए है। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वालों को सौंप दिया है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरना गांव के राजकुमार यादव की पुत्री फूलवंती की शादी दो वर्ष पूर्व बगेन गोला थाना क्षेत्र के बराढ़ी गांव के महेन्द्र यादव के पुत्र पवन यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। इस मामले में पूर्व में कई बार पंचायती भी हुई थी। मायके वालों के मुताबिक शुक्रवार की रात ससुराल वाले उसकी हत्या कर फरार हो गए। पड़ोसियों ने मायके वालों को इस घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा तफ्तीश शुरू कर दी। मृतका की मां भगवानो देवी ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। घटना के बाद से मृतका के मायके वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।









