बक्सर-धनसोई मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय बाइक सवार की मौत
गोपीनाथपुर गांव के समीप हादसे में युवक ने मौके पर तोड़ा दम, इटाढ़ी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर-धनसोई मार्ग पर गोपीनाथपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के इंदौर गांव निवासी फुटन पासवान के पुत्र उपेन्द्र पासवान (करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपेन्द्र पासवान बुलेट बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान बक्सर-धनसोई मार्ग पर गोपीनाथपुर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




