भलूनी धाम मंदिर में भीषण चोरी, रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम देकर फरार हुए चोर
पुजारी सुबह पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर में बिखरा मिला सामान, पुलिस ने शुरू की जांच; सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दिनारा स्थित प्रसिद्ध भलूनी धाम मंदिर में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंदिर परिसर में चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर के अंदर सामान बिखरा देख पुजारी हैरान रह गए। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जा रहा है कि चोरों ने शनिवार की रात अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। हालांकि, चोरी में कितने सामान और किन वस्तुओं की चोरी हुई है, इसका विस्तृत आकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस चोरी हुए सामान का आकलन करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं चोरों की पहचान और घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
दिनारा थानाध्यक्ष रंजीत सिन्हा ने बताया कि चोरी की घटना को पुलिस गंभीरता से लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। चोरों की पहचान करने और घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चोरी में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रसिद्ध भलूनी धाम मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने तथा रात के समय पुलिस गश्ती तेज करने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




