बैरी गोलीकांड: पवन तिवारी की मौत के बाद भी दोनों घायल BHU में भर्ती, परिजनों ने SP से लगाई सुरक्षा की गुहार
आठ आरोपियों में एक ने किया सरेंडर, बाकी खुलेआम घूम रहे हैं; परिजनों का आरोप- लगातार किया जा रहा पीछा, जान का बना है खतरा

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में 10 नवंबर को जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी की घटना के बाद पीड़ित परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस गोलीकांड में राजा तिवारी के पुत्र पवन तिवारी की मौत हो गई थी, जबकि गोली लगने से घायल दो अन्य व्यक्ति बृजमोहन तिवारी और बुल्लू तिवारी अभी भी वाराणसी स्थित बीएचयू में इलाजरत हैं। घटना के बाद से ही परिवार के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
इसी सिलसिले में बुधवार को पीड़ित परिवार के सदस्य रविंद्र नाथ तिवारी और अभिषेक तिवारी ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से उन्होंने गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने, परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
परिवार के सदस्य अभिषेक तिवारी ने बताया कि इस घटना में कुल आठ लोग शामिल थे, जिनमें से एक आरोपी ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। वहीं, बाकी आरोपियों को फरार बताया जा रहा है। उनका आरोप है कि फरार आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके परिवार के सदस्यों का लगातार पीछा कर रहे हैं। इससे पूरे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
अभिषेक तिवारी ने आशंका जताई कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई और परिवार को सुरक्षा नहीं मिली तो उनके साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। परिवार के लोगों का कहना है कि एक सदस्य की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्हें लगातार खतरे के साये में रहना पड़ रहा है।
पीड़ित परिवार ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।




