ACCIDENT

अहिरौली मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, गलत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत

भरौली में शादी समारोह में टेंट लगाकर लौट रहे थे दोनों मृतक, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार; हाईवे पर घंटों लगा रहा जाम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर अहिरौली मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पटना लेन में गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे लाल बालू लदे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

 

मृतकों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी छठु चौधरी (35 वर्ष), पिता भुवनेश्वर चौधरी तथा मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के लडावदत गांव निवासी मुकेश कुमार (45 वर्ष), पिता शंकर लाल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, छठु चौधरी अंजलि डीजे टेंट हाउस के मालिक थे। मंगलवार को दोनों भरौली में एक शादी समारोह में टेंट लगाने का काम पूरा करने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। मुकेश कुमार उनके साथ रहकर टेंट का काम करते थे। इसी दौरान अहिरौली मोड़ के समीप पटना लेन में गलत दिशा से आ रहे लाल बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में दोनों के सिर बुरी तरह कुचल गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद एनएच-922 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। पुलिस की कार्रवाई के बाद यातायात सामान्य कराया गया। इस संबंध में औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू पासवान ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button