OTHERS

तीसरी कोशिश में बीपीएससी में चयन, विपरीत परिस्थितियों में सफलता की खबर सुन प्रियंका की आंखों से छलके आंसू

ज्योति प्रकाश चौक पर दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता ने बेटी को पढ़ाया, प्रियंका की सफलता पर घर में खुशियों का माहौल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सफलता जब कठिन संघर्षों के बाद मिलती है, तो वह केवल खुशी नहीं बल्कि वर्षों के दर्द, मेहनत और त्याग की कहानी भी बयां करती है। कुछ ऐसा ही भावुक दृश्य बक्सर नगर क्षेत्र के कोईलवर पूर्वी मोहल्ले में गंगासागर ठाकुर के घर देखने को मिला, जहां विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बीच तीसरी कोशिश में बीपीएससी में चयनित होने पर प्रियंका कुमारी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

 

प्रियंका कुमारी की सफलता उनके परिवार के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होने के बावजूद उनके पिता ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने देने का प्रयास किया। गंगासागर ठाकुर और उनके भाई पिंटू ठाकुर शहर के ज्योति प्रकाश चौक पर वर्षों से दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दोनों भाइयों के सामने छह बेटों और एक बेटी की परवरिश, पढ़ाई-लिखाई तथा घर की जिम्मेदारियों को निभाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था।

 

इन्हीं कठिन परिस्थितियों के बीच प्रियंका ने अपने लक्ष्य को निर्धारित कर पढ़ाई जारी रखी। आर्थिक परेशानियां और संसाधनों की कमी उनके रास्ते में बाधा बनती रही, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार प्रयास और मेहनत के बाद तीसरी कोशिश में बीपीएससी में चयन होने की खबर ने परिवार की वर्षों की चिंता को खुशी में बदल दिया।

मंगलवार, 24 नवंबर को सफलता की खबर के बाद घर में खुशी का माहौल था। मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका अपने संघर्ष और पिता के त्याग का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने काफी विपरीत परिस्थितियों में उन्हें पढ़ाया। पढ़ाई के दौरान आर्थिक कठिनाइयां लगातार सामने आती रहीं, लेकिन उन्होंने अपना लक्ष्य तय कर लिया था और उसे हासिल करने के लिए मेहनत करती रहीं। आज उन्हें अपने प्रयासों का परिणाम मिला है।

प्रियंका ने अन्य छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में यदि किसी लक्ष्य को पाने का दृढ़ संकल्प कर लिया जाए, तो सफलता जरूर मिलती है। आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, मेहनत, लगन और निरंतर पढ़ाई के बल पर मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को परिस्थितियों से हार न मानने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। वही प्रियंका ने बताया कि एमपी हाई स्कूल से मैट्रिक के बाद  एमवी कॉलेज से इंटर एवं स्नातक किया और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर करने के साथ तैयारी में जुट गयी।

प्रियंका की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय नई सभा की ओर से उनके घर पहुंचकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान बृजमोहन ठाकुर, सरोज राजभर, संजय कुमार, सुरेंद्र ठाकुर, कृष्णावती देवी, जितेंद्र ठाकुर, राजू ठाकुर पार्षद प्रतिनिधि, अविनाश मौर्य, अख्तर आह्वान, अजीत राम, रवि राज, दिनानाथ ठाकुर, राजकुमार ठाकुर पत्रकार, राम इकबाल ठाकुर, जगदीश ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रियंका की सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रियंका की सफलता सिर्फ एक परीक्षा में चयन की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, पिता के त्याग, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की ऐसी मिसाल है, जो आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे अनेक परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button