OTHERS

बक्सर में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का एडीएम ने किया निरीक्षण, 73.240 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज का आकलन

दलसागर गांव में कृषक कृष्णा सिंह के खेत में निर्धारित मानकों के तहत हुआ फसल कटनी प्रयोग, कृषि उत्पादन के सटीक आकलन पर जोर

न्यूज विज़न। बक्सर
कृषि वर्ष 2026-27 के तहत जिले में अगहनी धान फसल की उपज का वास्तविक आकलन करने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर को फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता (एडीएम) बक्सर अरुण कुमार सिंह ने बक्सर सदर प्रखंड की दलसागर पंचायत अंतर्गत दलसागर गांव में कृषक कृष्णा सिंह के खेत में आयोजित फसल कटनी प्रयोग का जायजा लिया।

 

यह प्रयोग कृषक कृष्णा सिंह के खेत स्थित खेसरा संख्या-948 में निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुरूप संपन्न कराया गया। प्रयोगकर्ता ओम प्रकाश, किसान सलाहकार, पंचायत दलसागर ने निर्धारित 10 मीटर × 5 मीटर के आयताकार क्षेत्रफल में धान की कटनी कर उपज का आकलन किया। कटनी प्रयोग के दौरान कुल 36.620 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। प्राप्त उत्पादन के आधार पर धान की औसत उपज दर 73.240 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आकलित की गई।

 

निरीक्षण के दौरान एडीएम अरुण कुमार सिंह ने फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस तरह के प्रयोग कृषि उत्पादन के वास्तविक आंकड़े जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से विभिन्न फसलों की उपज का वैज्ञानिक एवं सटीक आकलन किया जाता है, जिससे कृषि उत्पादन संबंधी आंकड़ों को विश्वसनीय बनाया जा सके।

फसल कटनी प्रयोग का मुख्य उद्देश्य जिले में कृषि उत्पादन की सही स्थिति का आकलन करना तथा किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में दक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। प्राप्त आंकड़े कृषि क्षेत्र की योजनाओं, उत्पादन अनुमान और संबंधित नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण आधार बनते हैं।

इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, बक्सर, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, बक्सर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बक्सर सदर, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button