CRIME

शादी की खुशियों के बीच तालाब में पलटी नाव, दो युवकों की डूबकर मौत, तीन को बचाया गया

बलिया के विसरूप गांव में शादी समारोह के दौरान हादसा, मृतकों में बक्सर के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय शनि भी शामिल

न्यूज विज़न। बक्सर/बलिया
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विसरूप गांव में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तालाब में नाव पलटने से पांच युवक डूब गए। ग्रामीणों और परिजनों की तत्परता से तीन युवकों को बचा लिया गया, जबकि दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव निवासी 19 वर्षीय शनि भी शामिल हैं। हादसे के बाद शादी वाले घर सहित पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, विसरूप गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह का परिवार दिल्ली में रहता है। उनकी पुत्री की शादी 26 नवंबर को तय थी, जबकि 22 नवंबर को तिलक समारोह होना था। शादी को लेकर परिवार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। रिश्तेदारों और मेहमानों का घर पर आना-जाना लगा हुआ था। इसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए लड़की के भाई के आधा दर्जन से अधिक मित्र भी दिल्ली से गांव पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर बाद पांच दोस्त गांव के तालाब पर जश्न मनाने पहुंचे। तालाब के किनारे घूमने के बाद सभी नाव पर सवार हो गए और सेल्फी लेते हुए नाव से तालाब के बीच गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और पांचों युवक पानी में डूबने लगे। युवकों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वे बचाव के लिए शोर मचाने लगे।

उनकी आवाज सुनकर तालाब के आसपास मौजूद मल्लाह और ग्रामीण तत्काल पानी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद आयुष (20 वर्ष), निवासी युसुफपुर मुहम्मदाबाद सहित तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, गहरे पानी में डूबे दो अन्य युवकों को बचाया नहीं जा सका। काफी खोजबीन के बाद उनके शव बाहर निकाले गए।

मृतकों की पहचान शनि (19 वर्ष), निवासी डुमरांव, जिला बक्सर, बिहार और किशन तिवारी, निवासी सीताकुंड, थाना हल्दी, बलिया के रूप में हुई।

सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button