सड़क हादसों में जिंदगी बचाने की मुहिम, दलसागर टोल प्लाजा से ‘रक्षक – The Road Safety Mission’ का महा जनजागरूकता अभियान शुरू
हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और नशामुक्त ड्राइविंग को लेकर वाहन चालकों को किया जा रहा जागरूक, अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और लोगों की जिंदगी बचाना

न्यूज विजन | बक्सर
सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही मौतों और हादसों के कारण उजड़ रहे परिवारों की पीड़ा को देखते हुए बुधवार को एनएच-922 स्थित दलसागर टोल प्लाजा से ‘रक्षक – The Road Safety Mission’ के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा महा जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक स्तर पर जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
अभियान के तहत एनएच-922 के किनारे विभिन्न स्थानों पर आकर्षक एवं प्रभावशाली जागरूकता संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इन संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर चलते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। अभियान का प्रयास है कि सड़क सुरक्षा के नियम केवल कागजों और कानून तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनें।
अभियान के संयोजक कृष्णा शर्मा ने कहा कि यह मुहिम किसी प्रचार, प्रदर्शन या प्रसिद्धि के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में किसी का बेटा, किसी का भाई, किसी का पति या पिता असमय अपनी जान गंवा देता है। एक हादसा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी समाप्त नहीं करता, बल्कि पीछे रह गए परिवार की खुशियां, उम्मीदें और भविष्य भी प्रभावित कर देता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों और परिवारों की पीड़ा को कम करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर निकलने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर लौटे, यही इस अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य है। सड़क सुरक्षा को केवल सरकारी जिम्मेदारी मानकर नहीं छोड़ा जा सकता, बल्कि इसे सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करना जरूरी है। यातायात नियमों का पालन करना, दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना और दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
‘रक्षक – The Road Safety Mission’ का संकल्प दुर्घटनाओं को रोकना, लोगों को जागरूक करना और हादसे में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी मदद करना है। अभियान को आने वाले दिनों में बक्सर जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों तक विस्तार देने की योजना बनाई गई है, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
अभियान से जुड़ने के लिए आम नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़क सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
एक सावधानी, किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है। सड़क सुरक्षा अपनाएं, जीवन बचाएं।




