बेटी के तिलक की खुशियां मातम में बदलीं: फल-मिठाई लेकर घर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत
एनएच-319 पर कड़सर गांव के समीप अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, पटना ले जाने के दौरान तोड़ा दम; शाम को होना था बेटी का तिलकोत्सव

न्यूज़ विज़न। बक्सर / नवानगर
बेटी के तिलकोत्सव की तैयारियों के बीच जिस घर में मंगल गीत गूंजने वाले थे और रिश्तेदारों के जुटने से खुशियों का माहौल बनने वाला था, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया। बेटी के तिलक समारोह में शामिल होने और परिवार की खुशियों को संजोने की तैयारी कर रहे पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। बेटी के तिलकोत्सव के दिन पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हृदयविदारक यह घटना मंगलवार को एनएच-319 पर सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कड़सर गांव के समीप हुई। मृतक की पहचान कड़सर गांव निवासी 58 वर्षीय मदन साह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदन साह की बेटी का तिलकोत्सव मंगलवार की शाम भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के महुली गांव में आयोजित होना था। घर में समारोह को लेकर तैयारियां चल रही थीं और परिवार के लोग इस शुभ अवसर को लेकर उत्साहित थे। इसी सिलसिले में मदन साह मलियाबाग से फल और मिठाइयां खरीदकर ई-रिक्शा से अपने गांव लौट रहे थे। उन्होंने बेटी के तिलक समारोह के लिए जरूरी सामान खरीदा था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि खुशियों के इस आयोजन से पहले ही उनका सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
बताया जाता है कि जैसे ही ई-रिक्शा एनएच-319 पर कड़सर गांव के समीप पहुंचा, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सवार मदन साह और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सोनवर्षा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया। मदन साह की हालत गंभीर बनी हुई थी। आरा में चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मदन साह की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शाम को बेटी के तिलकोत्सव को लेकर उत्सव और मंगल गीत की तैयारी थी, वहां अचानक मातम छा गया। बेटी के जीवन के महत्वपूर्ण समारोह के दिन पिता की मौत ने परिवार की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से गांव में भी शोक की लहर फैल गई।




