5100 दीपों की रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक अहिल्या घाट, भव्य रूप से मनाई गई देव दीपावली
दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय माहौल ने मोहा मन, युवा नेता रामजी सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन, संस्कृति और सामाजिक एकता का दिया संदेश

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर क्षेत्र के अहिरौली स्थित ऐतिहासिक अहिल्या घाट पर देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 5100 दीप प्रज्वलित कर पूरे घाट को रोशनी से जगमगा दिया गया। घाट पर जलते दीपों की मनमोहक छटा, श्रद्धा और उत्साह से भरा वातावरण तथा सांस्कृतिक आस्था का संगम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। दीपों की रोशनी से सजा अहिल्या घाट देव दीपावली के अवसर पर बेहद सुंदर और भव्य नजर आया।
कार्यक्रम का आयोजन युवा नेता रामजी सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन के दौरान अहिल्या घाट पर दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली की परंपरा को उत्साहपूर्वक मनाया गया। 5100 दीपों की रोशनी ने घाट के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए और सामूहिक रूप से दीपोत्सव को सफल बनाया। कार्यक्रम में रेडियंट पब्लिक स्कूल के निदेशक राजेश सिंह, सदफ रशीद, डॉ. अखलाक अहमद, शराफत हुसैन, कृष्णावती देवी, आशुतोष दुबे, अनूप गुप्ता, प्रोफेसर अनुराग श्रीवास्तव एवं श्याम जी वर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन में सहभागिता निभाई और देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन को सफल बनाने में राकेश मांझी, दीपक पटेल, रंजन कुमार मांझी, कुंदन मांझी सहित अहिल्या घाट के दर्जनों युवा साथियों और स्थानीय युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं के सामूहिक प्रयास, उत्साह एवं सहयोग से घाट पर दीपोत्सव का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर युवा नेता रामजी सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देव दीपावली जैसे आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। अहिल्या घाट की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को और भव्य बनाने तथा स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष इस तरह का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में युवा साथियों, स्थानीय लोगों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा। सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही 5100 दीपों का यह उत्सव भव्य रूप से संपन्न हो सका। उन्होंने सभी सहयोगियों को हृदय से धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की।




