बक्सर में गौ रक्षा दल के युवकों ने पकड़े 11 गोवंश, दो लोगों को पुलिस के हवाले किया
एनएच-922 पर नायरा पेट्रोल पंप के समीप पिकअप वाहन को रोककर की कार्रवाई, पशु क्रूरता निवारण विभाग को सौंपे गए गोवंश

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में कथित तौर पर अवैध तरीके से गोवंश ले जाने के मामले में युवकों की एक टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 11 गोवंश को बरामद किया। घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र में एनएच-922 स्थित नायरा पेट्रोल पंप के समीप की है। युवकों ने गोवंश को एक पिकअप वाहन में ठूंसकर ले जाने की सूचना मिलने पर वाहन का पीछा किया और उसे रोक लिया। इसके बाद पिकअप में लदे 11 गोवंश को बरामद करते हुए स्थानीय पुलिस एवं पशु क्रूरता निवारण विभाग को सूचना दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के कुछ युवक गौ रक्षा दल संगठन से जुड़े हुए हैं। सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंश को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही युवकों की टीम सक्रिय हुई और संबंधित वाहन का पीछा करते हुए एनएच-922 पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के समीप उसे पकड़ लिया। वाहन की जांच करने पर उसमें 11 गोवंश पाए गए। गोवंश की बरामदगी के बाद युवकों ने तत्काल औद्योगिक थाना पुलिस और पशु क्रूरता निवारण विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवकों ने बरामद सभी गोवंश पशु क्रूरता निवारण विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया, जबकि पिकअप चालक समेत दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इस कार्रवाई में दीपक सिंह (वार्ड पार्षद), प्रियांशु कुमार, विवेक पाण्डेय, गोलू सिंह, निकू ओझा, पुतुल सिंह, नारायण उपाध्याय, प्रेम सिंह, अनूप श्रीवास्तव, किशन राय, रवि कुमार, अजीत सिंह, आशीष यादव, मौसम सिंह, ट्विंकल मिश्रा, आयुष ठाकुर, सूर्यांश राय और प्रमोद मिश्रा (भाजपा प्रवक्ता) सहित अन्य युवकों की भूमिका रही। बताया जा रहा है कि युवकों की यह टीम जिले में लगातार कथित तौर पर अवैध तरीके से ले जाए जा रहे गोवंश को पकड़ने के लिए सक्रिय है। इस तरह की कार्रवाइयों के बाद पशु क्रूरता निवारण विभाग की सक्रियता और कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। युवकों का आरोप है कि अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को और प्रभावी तरीके से निगरानी करनी चाहिए, ताकि गोवंश के साथ होने वाली क्रूरता पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। गोवंश के परिवहन से संबंधित परिस्थितियों और मामले में कानूनी कार्रवाई की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।




