हथियार के बल पर CSP संचालक से लूट, बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोका और बैग छीना
हरिकिशुनपुर जाने वाली सड़क पर वारदात, बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट मशीन, चाबी और जरूरी दस्तावेज थे; पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी


न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हथियार के बल पर CSP संचालक से लूट की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ते में CSP संचालक को रोककर हथियार सटा दिया और उनकी पीठ पर लटका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तथा औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना क्षेत्र के NH-922 स्थित चुरामनपुर पुरानी चट्टी में स्थानीय निवासी रघुवीर खरवार यूनियन बैंक का CSP संचालित करते हैं। सोमवार की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिकिशुनपुर गांव जाने वाली सड़क पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले रघुवीर खरवार से हरिकिशुनपुर गांव जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान मौका पाकर दोनों युवकों ने हथियार सटा दिया और उनकी पीठ पर लटका बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए। पीड़ित के भाई विजय खरवार के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 40 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट सेंसर मशीन, दुकान की चाबी, पहचान पत्र सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए पुलिस जल्द मामले का उद्भेदन करने का प्रयास कर रही है।





