फुटपाथ से हटेगा सब्जी बाजार, अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की तैयारी; नगर परिषद ने 5 प्रस्ताव किए पास
स्टेशन रोड ताड़का नाला से गंगा नदी तक नाला निर्माण का प्रस्ताव, किला मैदान के पास सब्जी बाजार शिफ्ट करने की तैयारी; यमुना चौक-सिंडिकेट मार्ग से अतिक्रमण हटाने और पंचकोसी मेला स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने का निर्णय


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर परिषद कार्यालय के सभागार में सोमवार को नगर परिषद बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने की। बैठक में नगर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुल पांच एजेंडों को बैठक में रखा गया, जिन्हें पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में स्टेशन रोड स्थित ताड़का नाला से सत्यदेवगंज होते हुए गंगा नदी तक नाला निर्माण कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। सभापति कमरून निशा ने बताया कि नाला निर्माण के बाद उसे पाटकर उक्त स्थल को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने की योजना है। इसके तहत वहां वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा। इससे एक ओर जल निकासी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर फुटपाथ और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की योजना है।
किला मैदान के पास सब्जी बाजार को शिफ्ट करने की तैयारी
बैठक में किला मैदान के समीप दरिया शहीद बाबा मजार के सामने सड़क के फुटपाथ पर लगने वाले सब्जी बाजार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सभापति ने बताया कि इस क्षेत्र में सब्जी बाजार लगने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें नगर परिषद को मिल रही हैं। पूर्व में किला मैदान के पश्चिमी हिस्से में खाली जमीन पर बाजार को शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वहां विश्वामित्र पार्क निर्माण की घोषणा कर दी गई। ऐसे में अब विश्वामित्र पार्क के निर्माण स्थल में बदलाव कर वहां सब्जी बाजार को शिफ्ट करने का प्रस्ताव विभाग को भेजने पर विचार किया गया है। नगर परिषद का उद्देश्य बाजार को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के साथ-साथ मुख्य सड़क और फुटपाथ पर यातायात की समस्या को कम करना है।
यमुना चौक से सिंडिकेट तक अतिक्रमण हटाने पर चर्चा
बैठक में यमुना चौक से सिंडिकेट तक सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे का मुद्दा भी उठाया गया। फुटपाथ पर दुकानें लगने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी पर चर्चा की गई। बोर्ड ने इस समस्या के समाधान के लिए दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के बाद अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्रवाई करने पर विचार-विमर्श किया।
पंचकोसी परिक्रमा मेला स्थलों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
बैठक में आगामी पंचकोसी परिक्रमा मेला को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पंचकोसी परिक्रमा के पांच प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने पर सहमति बनी। इन स्थलों पर रोशनी, सड़क, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी कार्य कराने का निर्णय लिया गया, ताकि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में उप मुख्य पार्षद बेबी देवी, स्थायी सशक्त समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, अंजू सिंह, राजू राय उर्फ झब्बू राय, मनोज कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार, वार्ड पार्षद दीपक सिंह, चक्रवर्ती चौधरी, जगदीश कुमार, राहुल यादव, पुष्पा कुमारी, सविता देवी, रिंकी गुप्ता, उषा देवी, हिटलर सिंह, संतोष कुमार उपाध्याय समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे। नगर परिषद बोर्ड द्वारा सभी पांच एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित किए जाने के बाद अब संबंधित प्रस्तावों को विभागीय स्तर पर भेजने और आगे की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।





