सिकरौल थाने में छात्रों से मारपीट का आरोप, एसपी से जांच और न्याय की गुहार
बैकुंठपुर व मिश्रवलिया गांव के छात्रों ने लगाया बेरहमी से पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप, एक छात्र के नाखून उखाड़ने का भी दावा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठपुर एवं मिश्रवलिया गांव के लगभग आधा दर्जन छात्रों ने सिकरौल थाना पुलिस पर उन्हें थाने बुलाकर बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित छात्रों एवं उनके परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित छात्रों एवं उनके अभिभावकों के अनुसार, गांव की एक लड़की और एक लड़के के घर से चले जाने के मामले को लेकर यह कार्रवाई की गई। छात्रों का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले पंकज कुमार द्वारा सूचना भेजे जाने के बाद सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव ने रविवार की सुबह कुछ छात्रों को थाने बुलाया। आरोप है कि थाना परिसर में उन्हें एक कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट की गई। छात्रों का दावा है कि मारपीट के कारण उनके शरीर पर चोट के निशान हैं। वहीं, एक छात्र के नाखून तक उखाड़ दिए जाने का आरोप लगाया गया है। छात्रों के मुताबिक, इस दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज भी की गई और कहा गया कि यादव की लड़की को भगाने में तुम लोगों ने मदद की है। लड़की को जल्द से जल्द ढूंढकर लाओ, नहीं तो अगले दिन फिर थाने में बंद कर दिया जाएगा।
पीड़ित छात्रों ने बताया कि वे सभी पढ़ाई करने वाले छात्र हैं और लड़की एवं लड़के के घर से चले जाने के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। छात्रों का कहना है कि उनके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। थाने में हुई कथित मारपीट के बाद छात्र और उनके परिजन काफी डरे-सहमे हैं। मारपीट के आरोप लगाने वाले छात्रों में रिंटू कुमार, नितीश कुमार, कुलदीप कुमार, मंजीत पासवान एवं धनजी ठाकुर सहित अन्य के नाम सामने आए हैं। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की है।
वीडियो देखें :





