POLITICS

DU छात्र संघ चुनाव में ABVP की जीत पर बक्सर में भव्य विजय जुलूस, कार्यकर्ताओं ने लगाए जोरदार नारे

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चार केंद्रीय पदों में तीन पर जीत से ABVP कार्यकर्ताओं में उत्साह, छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा चार केंद्रीय पदों में से तीन पदों पर विजय प्राप्त करने के उपलक्ष्य में रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बक्सर नगर इकाई की ओर से भव्य विजय जुलूस निकाला गया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए संगठन के समर्थन में नारे लगाए।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रियांशु शुभम ने की, जबकि संचालन ऋषि नंदन दुबे ने किया। विजय जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और विद्यार्थी परिषद जिंदाबाद के नारों के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। मौके पर मौजूद विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में विद्यार्थी परिषद के विजयी प्रत्याशियों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विजय केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि छात्रों के बीच संगठन के निरंतर संपर्क, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर किए जा रहे लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर जो विश्वास जताया है, उससे संगठन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

 

छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की उम्मीद

जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ का चुनाव देश के महत्वपूर्ण छात्र चुनावों में से एक है। चार केंद्रीय पदों में से तीन पर विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों की जीत से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने जिन प्रतिनिधियों पर अपना विश्वास जताया है, उनसे अपेक्षा है कि वे विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाएंगे और छात्रहित में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। नगर मंत्री विवेक पांडेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कार्यशैली केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। संगठन पूरे वर्ष विद्यार्थियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का प्रयास करता है। छात्रावास, फीस, सुरक्षा, शैक्षणिक व्यवस्था, परिसर की मूलभूत सुविधाएं और विद्यार्थियों के अधिकार जैसे विषयों को लेकर परिषद लगातार सक्रिय रहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणाम से बक्सर के कार्यकर्ताओं का भी उत्साह बढ़ा है।

सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

विजय जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के विजयी प्रत्याशियों के उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में अभिषेक गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विजय जुलूस में शामिल सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खेलो भारत प्रांत सह संयोजक अनीश कुमार तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह, अभिषेक गुप्ता, राहुल कुमार, हिमांशु कश्यप, दुर्गेश पांडेय, सुमित तिवारी, शुभांकित पांडेय, समीर तिवारी, दिव्यांशु मिश्रा, निर्भय ओझा, अजीत कुमार, नीतीश कुमार, आदित्य सिंह, नंदन कुमार, सागर सोनी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button