CRIME

वीर कुंवर सिंह सेतु पर 45 लाख की शराब पकड़ाया, चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही थी 491 पेटी अवैध खेप

वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, ट्रक चालक गिरफ्तार; विदेशी शराब और बीयर की भारी खेप बरामद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत बक्सर उत्पाद विभाग को मंगलवार की अहले सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। वीर कुंवर सिंह उत्पाद विभाग चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से करीब 45 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। ट्रक चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर शराब की खेप लेकर जा रहा था।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह वीर कुंवर सिंह सेतु पर एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के अंदर भारी मात्रा में शराब लदी मिली, जिसके बाद वाहन को जब्त कर उत्पाद विभाग कार्यालय लाया गया। कार्यालय में विस्तृत जांच के दौरान ट्रक से कुल 491 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें 3456 लीटर विदेशी शराब तथा 1188 लीटर बीयर शामिल है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

मौके से ट्रक चालक सोनू सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष), पिता बलवीर सिंह, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग द्वारा उसके खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा सीमावर्ती इलाकों और चेक पोस्टों पर सघन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button