CRIME

गेहूं की बोरियों के नीचे दबकर 11 वर्षीय किशोर की मौत, हत्या की आशंका में सड़क जाम

चौसा के सरेंजा गांव में दर्दनाक घटना, परिजनों का हंगामा; चौसा-कोचस मुख्य मार्ग घंटों बाधित, कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा प्रखंड के सरेंजा गांव में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अनाज गोदाम में गेहूं से भरी भारी बोरियों के नीचे दबने से 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरेंजा निवासी बेचन चौहान उर्फ बेचू चौहान के पुत्र भगेलु चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगेलु चौहान रविवार की शाम से ही अचानक लापता था। देर रात तक परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि भगेलु को आखिरी बार गांव स्थित गेहूं गोदाम के आसपास अपने दोस्तों के साथ खेलते देखा गया था। बच्चों की बात सुनने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह गोदाम का ताला खुलवाकर अंदर खोजबीन शुरू की गई। गोदाम के भीतर गेहूं की कई बोरियां बिखरी और गिरी हुई दिखाई दीं। जब ग्रामीणों ने शक के आधार पर भारी-भरकम बोरियों को हटाना शुरू किया तो उसके नीचे भगेलु का शव दबा मिला। यह दृश्य देखते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीणों ने भगेलु के शव को चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन को कई वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इटाढ़ी थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं तथा निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश है। पूरे इलाके में घटना को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button