बक्सर में 11 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी
स्टेशन नगर भवन में माता तपेश्वरी फाउंडेशन एवं यश फाउंडेशन की अनूठी पहल, भोजपुरी सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू और अभिनेत्री आस्था सिंह की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के स्टेशन स्थित नगर भवन में गुरुवार को माता तपेश्वरी फाउंडेशन एवं यश फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस समारोह में 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का बेहतरीन उदाहरण हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने की यह पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बेटियां पढ़ेंगी तो आगे बढ़ेंगी और उनके आगे बढ़ने से समाज एवं देश भी तरक्की करेगा। आज बेटियां अपने जीवन की नई शुरुआत कर ससुराल जा रही हैं। मेरी कामना है कि सभी नवविवाहित जोड़ों का वैवाहिक जीवन सुखमय और खुशहाल रहे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बक्सर में आयोजित इस तरह के सामूहिक विवाह समारोह से दूसरे जिलों और राज्यों के लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। समाज के सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता और सहयोग से इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजनकर्ता समाजसेवी मिथिलेश पांडेय, डॉ. मेजर पीके पांडेय, समाजसेवी संतोष दुबे, अजय मानसिंहका एवं कनक सोलर एनर्जी के बिहार हेड राजन तिवारी सहित आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की।
समारोह का सांस्कृतिक आकर्षण भी खास रहा। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू, भोजपुरी अभिनेत्री आस्था सिंह एवं भोजपुरी के लिटिल स्टार आर्यन बाबू ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रस्तुति पर मौजूद दर्शक झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
आयोजनकर्ता समाजसेवी मिथिलेश पांडेय ने बताया कि पिछले कई वर्षों से सामाजिक सहयोग और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराना है, ताकि उनके अभिभावकों को विवाह के खर्च का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बेटियों के हाथ पीले करने की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।




