CRIME

वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु से भाग रही लग्जरी बस को उत्पाद विभाग ने खदेड़कर पकड़ा, 2991 लीटर शराब बरामद

NH-922 पर अहिरौली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के सामने हुई कार्रवाई, चालक फरार; दिल्ली निवासी सुदीप थापा हिरासत में, उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने मौके पर पहुंचकर की जांच

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की सक्रियता से शराब तस्करी की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है। चेकपोस्ट से जांच के दौरान भाग रही एक लग्जरी बस का उत्पाद विभाग की टीम ने पीछा किया और NH-922 पर अहिरौली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने उसे पकड़ लिया। बस से अलग-अलग ब्रांड की कुल 2991 लीटर शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई बस का रजिस्ट्रेशन नंबर AR 06 B 6011 बताया जा रहा है। उत्पाद विभाग की टीम को चेकपोस्ट पर बस की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद बस को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बस लेकर भागने लगा। टीम ने तत्काल पीछा किया और कुछ दूरी पर अहिरौली के पास बस को घेरकर पकड़ लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान बस चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। वहीं, बस में सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को उत्पाद विभाग की टीम ने हिरासत में ले लिया।

 

हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सुदीप थापा, पिता वरुण थापा, निवासी वजीराबाद, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुद को मूल रूप से नेपाल का निवासी बताया और कहा कि वह परिवार के साथ दिल्ली में रहता है। उसका दावा है कि उसे बस में रखे सामान की जानकारी नहीं थी। उसने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उसे दूसरी बस से इस बस में कंडक्टर के तौर पर भेजा गया था। वह दूसरी बार बिहार आया है और बस से सिलीगुड़ी जाने वाला था। उसने बस चालक का नाम भी नहीं जानने की बात कही है।

कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए बक्सर उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उत्पाद विभाग के ASI सुजीत कुमार के नेतृत्व में टीम आगे की कार्रवाई में जुटी रही।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सीमावर्ती चेकपोस्टों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में संदिग्ध बस का पीछा कर उसे पकड़ा गया है। बस से 2991 लीटर शराब बरामद हुई है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के साथ शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी तथा कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम बस और शराब को जब्त कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button