OTHERS

जनसुनवाई में 21 आवेदकों ने रखीं अपनी समस्याएं, राजस्व विभाग से जुड़े सबसे अधिक 10 मामले आए

अपर समाहर्ता अरुण कुमार ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश; समय सीमा के भीतर निष्पादन का भरोसा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शुक्रवार, 20 नवंबर को बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने संयुक्त रूप से आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित कुल 21 आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

 

प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 10 मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। वहीं, विकास विभाग से जुड़े चार आवेदन प्राप्त हुए, जबकि शेष सात आवेदन अन्य विभागों से संबंधित थे। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पारदर्शिता एवं न्यायोचित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक मामले का समाधान करने पर जोर दिया।

 

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान और जनसहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आम लोगों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए यह पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button