एमपी उच्च विद्यालय में नशा मुक्ति को लेकर निबंध, वाद-विवाद और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से कराया गया अवगत, नशा मुक्ति का दिलाया गया संकल्प

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को शहर के एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर के शारदा भवन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के तहत निबंध लेखन, वाद-विवाद, नशा मुक्ति संकल्प एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार एवं उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्पाद अधीक्षक, मध्य निषेध अशरफ जमाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न प्रकारों, उसके सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी नकारात्मक असर डालती है। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, आर्थिक स्थिति और भविष्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस दौरान नशे से संबंधित विषयों पर छात्र-छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त करते हुए कई प्रश्न पूछे, जिनका उत्पाद अधीक्षक ने सहज एवं विस्तारपूर्वक जवाब दिया। निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के संदेश को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे को पहली बार में ही ना कहना चाहिए, क्योंकि नशा नाश का द्वार है। नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार अपनाने तथा नशे से हमेशा दूरी बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर तमन्ना परवीन, संजू बाला, रजनीश पाठक, परशुराम प्रसाद, अनिता कुमारी, अशोक कुमार, शिबू कुमारी, विनोद कुमार चौबे, नरेंद्र प्रकाश दुबे, स्मिता कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।




