सीपीआर प्रशिक्षण शिविर में 50 लोगों ने सीखी जीवन बचाने की तकनीक, हर माह जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल में आयोजित शिविर में कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में तत्काल सहायता और सीपीआर की उपयोगिता बताई गई

न्यूज़ विज़न। बक्सर
साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल, चीनी मिल, बक्सर में डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के लगभग 50 कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को सीपीआर की उपयोगिता, इसकी प्रक्रिया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी जीवनरक्षक भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि घर, यात्रा, बस अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति का अचानक हृदय रुक जाना गंभीर आपात स्थिति होती है। ऐसे समय में शुरुआती सहायता और समय पर सीपीआर मिलने से मरीज के जीवन बचने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि सीपीआर की जरूरत विशेष रूप से कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में होती है। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सही जानकारी के साथ तत्काल सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
डॉ. आलम ने कहा कि संस्थान की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उनका प्रयास है कि इस अभियान को प्रत्येक माह नियमित रूप से आगे बढ़ाया जाए, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग आपात स्थिति में मदद करने के लिए प्रशिक्षित और सक्षम बन सकें। शिविर में चिंता, कृष्णा, बलेश्वर, सनी, सुंदरवास, शांति, रेनू, अफसाना और इंद्रासन सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मौके पर डॉ. मनीष कुमार, डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. उज्ज्वल मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की गई।




