OTHERS

ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर जीवंत हुईं ऐतिहासिक घटनाएं

दसवीं के विद्यार्थियों ने गांधीजी के आंदोलनों की झांकी प्रस्तुत कर इतिहास को मंच पर उतारा, नन्हे बच्चों ने दिखाई दांडी यात्रा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान राष्ट्रनायकों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।

 

इस अवसर पर विद्यालय में विशेष सेमिनार एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति योगदान पर अपने विचार रखे। लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के साथ महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सत्याग्रह के सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों की विशेष प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने इतिहास की पाठ्यपुस्तक के अध्याय ‘भारत में राष्ट्रवाद का उदय’ को आधार बनाकर गांधीजी के नेतृत्व में हुए महत्वपूर्ण आंदोलनों को जीवंत झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। चंपारण सत्याग्रह, खेड़ा सत्याग्रह, अहमदाबाद मिल हड़ताल, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह एवं भारत छोड़ो आंदोलन के प्रसंगों के जरिए विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में गांधीजी की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। वहीं, विद्यालय के मॉन्टेसरी वर्ग के नन्हे बच्चों ने गांधीजी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। बच्चों ने गांधीजी और उनके साथियों की भूमिका निभाते हुए नमक कानून तोड़ने की ऐतिहासिक घटना को मंच पर जीवंत किया। उनकी मासूमियत और प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के उपप्रबंधक धर्मेंद्र पाण्डेय उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या सोनिका पाण्डेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उप प्रधानाचार्य राहुल जयसवाल समेत कामिनी सिंह, शिल्पी वर्मा, जागृति उपाध्याय, स्नेहा श्रीवास्तव, स्नेहा दुबे, नंदनी, खुशबू, सुष्मिता ओझा, रामकुमार दूबे, उपेंद्र कुमार, भूपेंद्र कुमार, राहुल गुप्ता, निधि पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। उपप्रबंधक धर्मेंद्र पाण्डेय ने कहा कि गांधीजी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन विद्यार्थियों के लिए केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि सत्य, अनुशासन, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। प्रधानाचार्या सोनिका पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ अपने इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। अंत में विद्यार्थियों को दोनों महान व्यक्तित्वों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया गया। विविध प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button