छठ पूजा के दौरान चार वर्षीय मासूम से कुकर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
बक्सर में शर्मनाक घटना से मचा हड़कंप, परिजनों की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कुकर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात मोहल्ले के लोग छठ महापर्व की तैयारियों और पूजा-पाठ में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मासूम बच्ची के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। बताया जाता है कि बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की आशंका से आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद सोमवार को पीड़िता के परिजनों ने महिला थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान सामने आई इस घटना से इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।




