गांधी-शास्त्री जयंती पर MND Foundation में संवाद कार्यक्रम, समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण का लिया संकल्प
महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री जी की सादगी व राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने पर हुआ मंथन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर मां निर्मला देवी फाउंडेशन (MND Foundation) की ओर से कलेक्ट्रेट के समीप स्थित संस्था के कार्यालय में बैठक-सह-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों, संघर्षों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता MND Foundation के Founder & Secretary डॉ. रास बिहारी शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि सफलता एक्सप्रेस कोचिंग के निदेशक श्री राजेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि श्री राजेंद्र सिंह ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए इतिहास के संदर्भों के माध्यम से उनके संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं सेवा तथा शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके वक्तव्य और प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा तथा कार्यक्रम में खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर संस्था के Founder & Secretary डॉ. रास बिहारी शर्मा ने MND Foundation की स्थापना के उद्देश्य, प्रेरणा एवं भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक शिक्षा, सहयोग और सामाजिक जागरूकता पहुंचाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में सुमंत कुमार, रोनित जायसवाल, अनिस तिवारी, सूरज चौबे, डब्ल्यू कुमार, अजय कुमार, विवेक कुमार, अंकित राजा, कल्पना कुमारी सहित अन्य गणमान्य एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और अपने विचार रखे। अंत में उपस्थित सदस्यों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सेवा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





